बीकानेर के 36 सरकारी स्कूलों में पहुंचेगी निःशुल्क करियर काउंसलिंग वैन, विद्यार्थियों को मिलेगा विशेषज्ञ मार्गदर्शन
बीकानेर (श्रेयांस बैद): राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की स्वीकृति एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा बीकाजी के सहयोग से जिले में ‘निःशुल्क करियर काउंसलिंग वैन‘ परियोजना शुरू की जा रही है।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिले के 10 ब्लॉक क्षेत्रों के चयनित 36 राजकीय विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को करियर संबंधी विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप सही करियर चुनने में सहायता देना है। काउंसलिंग के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी।
परियोजना के सफल संचालन के लिए राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने चयनित विद्यालयों के संस्था प्रधानों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं।
निर्विकल्प फाउंडेशन के फाउंडर डायरेक्टर एवं नेशनल करियर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण करियर मार्गदर्शन पहुंचाना है, ताकि वे समय रहते सही निर्णय लेकर अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें।
समाजसेवा की नई मिसाल: मोहता परिवार करेगा मोहता पैलेस का विस्तार, जनहित में बनेगा सेकेंड फ्लोर
उन्होंने बताया कि करियर काउंसलिंग वैन में विशेषज्ञ काउंसलर विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देंगे।
जिले के 36 विद्यालयों का चयन किया जा चुका है और अभियान की शुरुआत इसी माह की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों की भी उपस्थिति रहेगी।

यदि यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो भविष्य में इसे राजस्थान के अन्य जिलों में भी विस्तारित किया जाएगा।

